वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: जिंदा पैंगोलिन बरामद, अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का खुलासा

राजधानी रायपुर में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिंदा पैंगोलिन बरामद किया है। स्थानीय भाषा में साल-खपरी कहलाने वाला यह दुर्लभ जीव करीब 20 किलो वजनी बताया जा रहा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए आंकी जाती है।
जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की टीम इस तस्करी नेटवर्क पर पिछले एक हफ्ते से नजर बनाए हुए थी। लगातार निगरानी और सटीक सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा और पैंगोलिन को सुरक्षित बरामद किया।गिरफ्तार आरोपी बालाघाट और भानुप्रतापपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में वन विभाग को अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
फिलहाल वन विभाग आरोपियों से गहन पूछताछ कर रहा है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है। इस कार्रवाई को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, वहीं बरामद पैंगोलिन को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है।




