मिशन 2026 की बड़ी कामयाबी : बीजापुर में 25 माओवादियों का आत्मसमर्पण, 14 करोड़ से ज्यादा की रिकवरी

बस्तर में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत एक बड़ी सफलता सामने आई है। बीजापुर जिले में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी से जुड़े 25 माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए आत्मसमर्पण कर दिया है। इन कैडरों में 12 महिला माओवादी भी शामिल हैं और इन पर कुल 1 करोड़ 47 लाख रुपये का इनाम घोषित था। “पूना मारगेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन” अभियान के तहत यह सामूहिक आत्मसमर्पण बस्तर में शांति और विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सल इतिहास की सबसे बड़ी रिकवरी भी मिली है। कुल 14 करोड़ 6 लाख रुपये की बरामदगी में 2 करोड़ 90 लाख रुपये नकद और 7.20 किलो सोना शामिल है। इसके साथ ही AK-47, SLR, INSAS सहित कुल 93 घातक हथियार भी जब्त किए गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2024 से मार्च 2026 तक बीजापुर जिले में अब तक 1003 माओवादी कैडर आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जो सुरक्षा बलों की लगातार रणनीति और दबाव का परिणाम है।
बस्तर आईजी ने इसे मिशन 2026 की निर्णायक उपलब्धि बताते हुए कहा कि नक्सल उन्मूलन अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने बाकी बचे माओवादियों से भी अपील की है कि वे हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटें, जहां सरकार उन्हें पुनर्वास, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन के पूरे अवसर उपलब्ध करा रही है।




