बायसन पर तीर चलाने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, सफल रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा गया

कबीरधाम जिले में वन विभाग ने बायसन पर तीर से हमला करने वाले पांच शिकारियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में न सिर्फ आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की गई, बल्कि घायल बायसन का सफल इलाज कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।कबीरधाम के सरहापथरा गांव में वन विभाग ने दबिश देकर पंडरू, चैतुराम, शिवा, पताल सिंह और सुखराम को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से शिकार में इस्तेमाल किए गए धनुष-बाण भी बरामद किए गए हैं।
पूरी घटना एक वयस्क बायसन पर हुए क्रूर हमले से जुड़ी है। जंगल से भटककर आबादी के पास पहुंचे बायसन पर शिकारियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर तीरों से हमला कर दिया। उसके शरीर में तीन तीर धंसे मिले, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना मिलते ही कबीरधाम डीएफओ निखिल अग्रवाल के निर्देशन में वन विभाग और वन विकास निगम की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. जडिया ने बायसन को निश्चेत कर एक तीर निकाला और प्राथमिक उपचार किया।
हालत गंभीर होने पर बिलासपुर से विशेषज्ञ टीम बुलाई गई। डॉ. चंदन और उनकी टीम ने जांच में पाया कि बायसन के पैर में दो और तीर गहराई तक धंसे हुए हैं। जटिल सर्जरी कर दोनों तीर सफलतापूर्वक निकाल लिए गए।इलाज के बाद बायसन पूरी तरह स्वस्थ हो गया, जिसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वहीं वन विभाग ने मुखबिर तंत्र और डॉग स्क्वाड की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई, वन विभाग की इस कार्रवाई ने एक ओर जहां बेजुबान वन्यजीव की जान बचाई, वहीं शिकारियों के खिलाफ सख्त संदेश भी दिया है कि जंगल में अवैध शिकार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।




