जनदर्शन में उमड़ी भीड़, कलेक्टर ने सुनी समस्याएं….त्वरित कार्रवाई के निर्देश

बिलासपुर में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें सीधे कलेक्टर के सामने रखीं।
जनदर्शन में रास्ता विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, विधवा पेंशन, स्वामित्व कार्ड और जाति प्रमाण पत्र जैसे कई अहम मामले सामने आए। कलेक्टर ने अधिकांश प्रकरणों पर मौके पर ही संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम कछार, जरोंधा और चिचिरदा सहित कई गांवों से आए लोगों ने आवागमन में बाधा, जमीन पर कब्जा और सीमांकन नहीं होने की शिकायत की। वहीं कुछ आवेदकों ने सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की बात भी रखी, जिससे उनकी आजीविका और पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।




