वंदे भारत में नशा तस्करी का खुलासा: AC कोच से 24 किलो गांजा जब्त, दो युवतियां गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – वंदे भारत एक्सप्रेस में नशा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में AC कोच से 24 किलो गांजा बरामद करते हुए दो युवतियों को गिरफ्तार किया गया है, सूत्रों के मुताबिक, एजेंसियों को पहले से ही तस्करी की सूचना मिली थी। जैसे ही वंदे भारत एक्सप्रेस रायपुर स्टेशन पहुंची, टीम ने AC-2 कोच में साइलेंट ऑपरेशन चलाया।
संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवतियों को चिन्हित किया गया और उनके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से करीब 24 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 3 से 4 लाख रुपये आंकी जा रही है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र की रहने वाली हैं और विशाखापट्टनम से गांजा लेकर रायपुर पहुंची थीं।
एजेंसियों को आशंका है कि यह मामला किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं।इस घटना ने वंदे भारत जैसी हाईटेक ट्रेनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल NCB और RPF आगे की कार्रवाई और पूछताछ में जुटी हुई हैं।




