सफाई कर्मचारी की ट्रेन से गिरकर मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां रेलवे कर्मचारी की दर्दनाक मौत ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला बिलासपुर रेलवे के कोचिंग डिपो के पास का है, जहां सफाई अटेंडेंट के रूप में कार्यरत 40 वर्षीय हरीश शुक्ला की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से अमृतसर से बिलासपुर लौटने के दौरान यह हादसा हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना रात करीब 11 बजे की है, जब हरीश शुक्ला ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े थे और अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर गए। गिरने के बाद उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि कई घंटों तक मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा। सहकर्मियों का आरोप है कि दोपहर 2 बजे तक भी रेलवे का कोई अधिकारी मौके पर नहीं आया, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
साथी कर्मचारियों ने बताया कि हादसे के बाद समय पर मदद नहीं मिल पाई। उनका कहना है कि अगर समय रहते राहत मिलती तो शायद स्थिति कुछ और हो सकती थी।
कर्मचारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।मौके पर मौजूद रेलवे ठेकेदार सतीश सिंह ने बताया कि हरीश शुक्ला सफाई अटेंडेंट के रूप में कार्यरत थे और संभवतः दरवाजे पर खड़े होने के दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों का बीमा कराया गया है और बीमा कंपनी की ओर से परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा।




