बिलासपुर

विधायक अमर अग्रवाल ने की होलिका दहन पूजा, शहरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

(प्रदीप भोई) : बिलासपुर -आस्था, परंपरा और उत्साह के संगम का प्रतीक होलिका दहन शहर में पूरे श्रद्धा भाव और उल्लास के साथ मनाया गया। बुराई पर अच्छाई की विजय के इस पर्व पर शहर के विभिन्न मोहल्लों और चौक-चौराहों में विधिविधान से पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया गया। लोगों ने परिवार सहित पूजा कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। खास बात यह रही कि नगर विधायक अमर अग्रवाल के निवास पर भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Advertisement

फाल्गुन मास की पूर्णिमा पर मनाया जाने वाला होलिका दहन इस बार शहर में विशेष उत्साह के साथ आयोजित हुआ। शाम ढलते ही अलग-अलग वार्डों और कॉलोनियों में लोग एकत्रित हुए। पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की गई और शुभ मुहूर्त में होलिका में अग्नि प्रज्वलित की गई।मान्यता है कि होलिका दहन बुराई, अहंकार और नकारात्मकता के अंत का प्रतीक है। इसी आस्था के साथ लोगों ने होलिका की परिक्रमा कर अपने और अपने परिवार की सुख-शांति की कामना की। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की तो बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।नगर विधायक अमर अग्रवाल के निवास पर आयोजित होलिका दहन कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। यहां विधिवत पूजा के बाद होलिका दहन किया गया और सभी ने एक-दूसरे को होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। विधायक ने प्रदेश और शहरवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।शहर में शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने एक बार फिर सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। अब रंगों के पर्व होली को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Advertisement

बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देते इस पावन पर्व ने एक बार फिर समाज में एकता, प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत किया है। शहरवासियों ने आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लेते हुए खुशहाल और सुरक्षित होली की कामना की है।

लोकस्वर के लिए प्रदीप भोई की रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button