बिलासपुर

रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रेलर ने कार को मारी टक्कर, चार की मौके पर मौत, एक की हालत नाजुक

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के सकरी बाईपास में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

Advertisement

मामला बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र का है। शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने ट्रेलर क्रमांक CG-11-BD-9044 रतनपुर से रायपुर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर रॉन्ग साइड में पहुंच गया। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG-04-MQ-4220 से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर एक अन्य खड़े ट्रेलर को भी चपेट में लेते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

Advertisement

सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। हादसे में छत्रपाल रात्रे, विशाल लहरे, अनमोल लहरे और सोनू मिरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी लोग एक पारिवारिक समारोह से लौट रहे थे। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button