रायपुर एयरपोर्ट पर ड्रग्स की खेप जब्त, DRI ने नाइजीरियन तस्कर को 270 ग्राम कोकीन के साथ पकड़ा

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।DRI की टीम ने एक नाइजीरियन नागरिक को 270 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त की गई कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी दिल्ली से इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से रायपुर पहुंचा था। एयरपोर्ट पर DRI की सतर्क टीम को उस पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे रोका गया। गहन तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 270 ग्राम कोकीन बरामद की गई।
बताया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में लाई गई कोकीन को स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने की योजना थी, जिससे युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेला जा सकता था।मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर DRI के रायपुर कार्यालय लाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।




