चांपा: न्यूवोको पब्लिक स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक की प्रताड़ना से तंग आकर 12वीं के छात्र ने दी जान, 4 पन्नों के सुसाइड नोट में खुला दर्द

(आशीष मौर्य संपादक/मयंक सिंह) : जांजगीर-चांपा: जिले के आरसमेटा गांव में एक मेधावी छात्र की मौत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। 18 वर्षीय कमलेश जायसवाल, जो न्यूवोको पब्लिक स्कूल का 12वीं का छात्र था, सोमवार सुबह अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला।

सुसाइड नोट की दर्दनाक दास्तां : मृतक के पास से बरामद 4 पन्नों के सुसाइड नोट ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कमलेश ने लिखा कि वह पिछले एक साल से डिप्रेशन में था। आरोप है कि जब वह 10वीं में था, तब से प्राचार्य सुमंतो विश्वास और शिक्षक अनुपम पाल उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। छात्र ने मारपीट और शिकायतों की सुनवाई न होने का भी जिक्र किया है।

सड़क पर उतरा जनआक्रोश : घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर करीब 5 घंटे तक चक्काजाम किया। “दोषियों को जेल भेजो” के नारों के बीच पुलिस और प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शाम 4 बजे प्रशासनिक आश्वासन के बाद जाम खुला।



