छत्तीसगढ़
नेशनल हाइवे पर दो ट्रकों की भीषण टक्कर, 3 की मौके पर मौत

कांकेर – जिले में एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम रतेसरा में नेशनल हाइवे 30 पर देर रात करीब 3 बजे दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रकों के परखच्चे उड़ गए और ट्रक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद नेशनल हाइवे 30 पूरी तरह जाम हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी सहित अन्य भारी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले इसी स्थान पर एक युवक की कार की ठोकर से मौत हो चुकी है, जिससे इस इलाके को लेकर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




