युवक की बेरहमी से हत्या, इनोवा से कुचलकर मारने के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर – अभनपुर थाना क्षेत्र से हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मोनफोर्ट स्कूल के पास मेन रोड किनारे ग्राम केन्द्री में मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक की पहचान कैलाश तिवारी के रूप में हुई है, जिसकी हत्या सड़क विवाद के बाद इनोवा कार से कुचलकर की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 जनवरी 2026 की दोपहर करीब 3 बजे कैलाश तिवारी अपने दोस्तों के साथ एक्टिवा में पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण वाहन को पैदल धक्का देते हुए पेट्रोल पंप ले जा रहा था। इसी दौरान एनएच-30 पर अभनपुर की ओर गलत दिशा से आ रही इनोवा कार ने एक्टिवा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया और कार सवार लोगों ने गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों व ठोस वस्तु से मारपीट शुरू कर दी।
झगड़े के दौरान दोनों पक्षों के बीच चाकूबाजी भी हुई, जिसमें कुछ लोग घायल हुए। इसके बाद आरोपी कार में बैठकर भागने लगे। इसी दौरान कैलाश तिवारी ने कार को रोकने का प्रयास किया, तभी आरोपियों ने हत्या की नीयत से इनोवा कार को कैलाश के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 29/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 296, 115(2), 191(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने 5 आरोपियों—डिलेश मंडावी, लिलेश उर्फ लालू सेन, दुर्गेश साहू, मनीष साहू और चंद्रशेखर साहू—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त इनोवा कार को भी जब्त कर लिया गया है।वहीं, प्रकरण के दो अन्य आरोपी चंदन यादव और रितेश उर्फ रिंकू साहू की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




