मुंगेली

धान घोटाले पर बड़ा एक्शन : ओवरलोडिंग रिसायक्लिंग का भंडाफोड़, राइस मिल सील, 9 वाहन जब्त

(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले में धान की अवैध ओवरलोडिंग और रिसायक्लिंग को लेकर प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर और एसपी की संयुक्त कार्रवाई में गंभीर अनियमितताओं के चलते उपलेटा राइस मिल को सील कर दिया गया है, जबकि धान परिवहन में लगे 9 वाहनों को जब्त किया गया है। वहीं वर्धमान राइस मिल की जांच अभी जारी है।

Advertisement

राज्य शासन से मिले अलर्ट और मुख्य सचिव की बैठक के बाद मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने उपलेटा और वर्धमान राइस मिल सहित उपार्जन केंद्र नवागांव घुठेरा का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपलेटा राइस मिल में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

Advertisement

जांच में सामने आया कि राइस मिल परिसर की बाउंड्रीवाल टूटी हुई थी, जिससे बाहरी धान को अवैध रूप से खपाने की आशंका जताई जा रही है। कस्टम मिलिंग की आड़ में प्राइवेट मिलिंग की जा रही थी, साथ ही अलग–अलग फर्मों के बीच अधिकृत एंट्री–एग्जिट गेट न होने से एक फर्म का चावल दूसरी फर्म में खपाया जा रहा था।

 

राज्य से प्राप्त अलर्ट में जिस वाहन के धान मूवमेंट की जानकारी मिली थी, वही वाहन राइस मिल परिसर में पाया गया। इससे शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की साजिश की पुष्टि होती है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन और धान रिसायक्लिंग से जुड़े संगठित नेटवर्क की भी आशंका सामने आई है।

 

फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई से धान घोटाले में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button