छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बड़ी मुठभेड़ : 14 नक्सलियों के मारे जाने की खबर, ऑपरेशन जारी

छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार सुबह राज्य के दो अलग-अलग जिलों में हुई मुठभेड़ों में कुल 14 नक्सलियों के मारे जाने की खबर सामने आई है। सुकमा जिले के किस्टाराम इलाके में 12 नक्सली ढेर किए गए हैं, जबकि बीजापुर जिले में 2 नक्सली मुठभेड़ में मारे गए हैं।

Advertisement

बीजापुर जिले में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने अभियान शुरू किया था। डीआरजी यानी डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड की टीम नक्सल विरोधी ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान शनिवार तड़के नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

Advertisement

सुबह करीब 5 बजे से दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग होती रही। मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान घटनास्थल से दो नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए गए हैं। इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है।

बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा कारणों के चलते फिलहाल मुठभेड़ के सटीक स्थान और ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या सार्वजनिक नहीं की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, ऑपरेशन पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी आधिकारिक रूप से साझा की जाएगी।

फिलहाल पूरे इलाके में हाई अलर्ट है और सुरक्षाबल किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए मुस्तैद हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार चल रहे अभियानों को सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button