तेज रफ्तार कार की टक्कर से, ई-रिक्शा चालक का पैर कटा….

राजधानी रायपुर में नए साल के पहले ही दिन रफ्तार का कहर देखने को मिला। वीआईपी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक का पैर कटकर अलग हो गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड की है, जहां तेज रफ्तार बोलेरो कार ने पहले एक स्विफ्ट डिजायर को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद बेकाबू बोलेरो सामने से आ रहे ई-रिक्शा से जा टकराई, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक का पैर वाहन में फंस गया और झटके के कारण कटकर अलग हो गया। घायल चालक मौके पर ही तड़पता रहा।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रधान आरक्षक तरुण यादव और आरक्षक जे.एस. चंद्रवंशी ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।हादसे के बाद वीआईपी रोड पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को सुचारु कराया।
पुलिस ने बोलेरो, स्विफ्ट डिजायर और ई-रिक्शा को जप्त कर लिया है। बोलेरो चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चालक नशे में तो नहीं था।नए साल की शुरुआत में हुआ यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब लोग रफ्तार पर लगाम लगाएंगे।




