बिलासपुर

बिलासपुर मंडल को मिले नए डीआरएम, राकेश रंजन की नियुक्ति पर रेलवे बोर्ड की मुहर.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर मंडल में डीआरएम को लेकर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल सामने आया है। रेलवे बोर्ड ने ईस्ट सेंट्रल रेलवे में पदस्थ अधिकारी राकेश रंजन को बिलासपुर का नया डीआरएम नियुक्त किया है।इस संबंध में गुरुवार को आधिकारिक आदेश जारी किया गया।

Advertisement

बिलासपुर डीआरएम पद के लिए एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा आदेश है। इससे पहले 11 दिसंबर को वेस्टर्न रेलवे के उमेश कुमार को बिलासपुर डीआरएम बनाए जाने का आदेश रेलवे बोर्ड ने जारी किया था। हालांकि, उमेश कुमार ने उसी दिन रेलवे बोर्ड को पत्र लिखकर पारिवारिक कारणों, पुत्र की शिक्षा और पत्नी की नौकरी का हवाला देते हुए तबादला निरस्त करने की मांग की थी। उमेश कुमार के अनुरोध को स्वीकार करते हुए रेलवे बोर्ड ने उनका तबादला निरस्त कर दिया। इसके बाद रेलवे बोर्ड ने बिलासपुर डीआरएम के लिए नए अधिकारी की तलाश की और सूची में शामिल ईस्ट सेंट्रल रेलवे के अधिकारी राकेश रंजन के नाम पर मुहर लगाई।18 दिसंबर को उन्हें बिलासपुर डीआरएम बनाए जाने का आदेश जारी कर दिया गया।

Advertisement

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अहम बात यह है कि वर्तमान डीआरएम राजमल खोईवाल की नई पोस्टिंग को लेकर अब तक कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। रेलवे महकमे में यह चर्चा है कि लालखदान मेमू रेल दुर्घटना के बाद प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करते हुए उन्हें डीआरएम पद से हटाया गया है, हालांकि रेलवे बोर्ड ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

अब नए डीआरएम राकेश रंजन के सामने बिलासपुर मंडल में सुरक्षा, समयबद्धता और यात्री सुविधाओं को लेकर बड़ी चुनौतियां होंगी।

 

Related Articles

Back to top button