जशपुर

ऑपरेशन शंखनाद में बड़ी सफलता, 05 गौवंश मुक्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

जशपुर पुलिस को ऑपरेशन शंखनाद के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम सारुडीह के जंगल मार्ग से पुलिस ने 05 गौवंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। इस कार्रवाई में तीन गौ तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया।

Advertisement

घटना 21 नवंबर की शाम की है, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति सारुडीह जंगल के रास्ते गौवंशों को बेरहमी से पीटते हुए तेज गति से झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली जशपुर की टीम मौके पर पहुँची और जंगल मार्ग पर तीन व्यक्तियों को 05 गौवंशों को पैदल हांकते हुए पाया। पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

Advertisement

गिरफ्तार किए गए तस्करों के नाम—

  1. आफताब राय (25 वर्ष)
  2. असलम राय (40 वर्ष)
  3. लगनू राम उरांव (45 वर्ष)
    सभी निवासी— रातु, जिला रांची (झारखंड)

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पत्थलगांव और कांसाबेल क्षेत्र से गौवंशों को खरीदकर जंगल के रास्ते झारखंड बॉर्डर तक ले जा रहे थे, जहाँ से आगे वाहन में लोड कर उन्हें रांची भेजा जाना था। पुलिस द्वारा मांगे जाने पर आरोपी किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, एएसआई मनोज कुमार भगत, नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख और रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर अनिल कुमार सोनी ने बताया कि गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है, और भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button