जनजाति गौरव दिवस पर बिलासपुर पहुँचे मुख्यमंत्री ने की कई घोषणाएँ….

बिलासपुर – पुलिस ग्राउंड में जनजाति गौरव दिवस बेहद उत्साह के साथ मनाया गया, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से शामिल हुए। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था, तभी से हर वर्ष 15 नवंबर को यह दिवस जनजातीय अस्मिता और सम्मान का प्रतीक बनकर मनाया जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिलासपुर के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी और एक चौक का नामकरण भी उनके नाम पर किया जाएगा। इसके साथ ही लालखदान ओवरब्रिज का नामकरण शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर करने की घोषणा भी की गई।
जनजातीय युवाओं के लिए मुख्यमंत्री ने 300 और 200 सीटर अत्याधुनिक पोस्ट मैट्रिक छात्रावास निर्माण की घोषणा की, जबकि कोटा ब्लॉक में समाज के लिए सुसज्जित सामुदायिक भवन भी बनाया जाएगा। कार्यक्रम में मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




