बिलासपुर
शिवनाथ नदी में डूबे रेलकर्मी का शव बरामद, बचाने कूदे साले की तलाश जारी…..

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के चुराघाट एनीकट में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां नहाने गए रेल कर्मचारी संतोष राम की डूबने से मौत हो गई। उसे बचाने के लिए उसका साला अनुज कुमार नदी में कूद गया, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में बह गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। बिल्हा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और SDRF की टीम को बुलाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद संतोष राम का शव बरामद कर लिया गया, जबकि उसके साले अनुज की तलाश अब भी जारी है।
पुलिस का कहना है कि नदी में बहाव बहुत तेज है और संभवतः अनुज का शव धारा में आगे बह गया होगा। SDRF की टीम सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय ग्रामीण भी पुलिस की मदद से तलाश में जुटे हैं।




