बिलासपुर

मस्तूरी गोलीकांड में बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार, देशी पिस्टल और कट्टा बरामद

(आशीष मौर्य/प्रदीप भोई) : बिलासपुर। मस्तूरी में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में बिलासपुर पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Advertisement

यह गोलीकांड आपसी रंजिश और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई के चलते हुआ था। आरोपियों ने षड्यंत्र रचकर नितेश सिंह और उनके साथियों पर फायरिंग की थी। थाना मस्तूरी और एसीसीयू (सायबर सेल) की संयुक्त टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान की और आरोपियों तक पहुंची।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों में विश्वजीत अनंत, अरमान उर्फ बलमजीत अनंत, चाहत उर्फ विक्रमजीत अनंत, मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ नफीस, मोहम्मद मतीन उर्फ मॉन्टू और दो किशोर अपराधी शामिल हैं, पुलिस ने उनके कब्जे से 2 देशी पिस्टल, 1 कट्टा, 5 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, 13 खाली खोखे, 10 चली गोलियां और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

जांच में पता चला है कि आरोपियों ने पहले भी 25 अक्टूबर को हमला करने की योजना बनाई थी, जो असफल रही थी। इसके बाद 28 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे सभी आरोपी दो मोटरसाइकिलों में सवार होकर मस्तूरी मेन रोड पहुंचे और फायरिंग की।इस घटना में राजू सिंह और चंद्रभान सिंह गोली लगने से घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तारकेश्वर पाटले ने विश्वजीत अनंत को एक लाख रुपये नकद दिए थे, जो अन्य आरोपियों में बांटे गए। इस लेन-देन की जांच जारी है। एससएसपी ने बताया कि मामले में और भी आरोपी शामिल हो सकते हैं। सभी की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button