राजधानी में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को किया खंडित, पुलिस कर रही जांच.

राजधानी रायपुर के व्हीआईपी चौक पर लगी छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को अज्ञात व्यक्ति ने तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हलचल और आक्रोश का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
एएसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर ने बताया कि नगर निगम द्वारा स्थापित मूर्ति को अज्ञात लोगों ने क्षति पहुंचाई। इस प्रकरण में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।घटना के बाद छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी के सदस्य विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया।
नगर निगम ने भी नई मूर्ति स्थापित करने का आश्वासन दिया है। घटना राजधानी के बीचोंबीच होने के कारण लोगों में गहरी चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है।पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्तार किए जाएंगे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।




