“ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 11 गौवंश तस्करों के चंगुल से कराए गए मुक्त

जशपुर पुलिस को “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चौकी सोनक्यारी क्षेत्र के बृंदाटोली जंगल से 11 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया है।
जानकारी के मुताबिक, 25 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे ग्राम पंडरसिली के कोटवार मुन्ना राम ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ अज्ञात व्यक्ति पिकअप वाहन में गौवंशों को ठूंस-ठूंस कर भरकर जंगल में उतार रहे हैं।
सूचना मिलते ही सोनक्यारी चौकी प्रभारी वैभव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले तस्कर मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने सभी 11 गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक विमल मिंज और वीरेंद्र तेंदुआ की भी अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि : “जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। गौ तस्करी में लिप्त अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”




