रिवॉल्वर, कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार.

रायपुर – पुलिस ने एक नामी हिस्ट्रीशीटर अपराधी को रिवॉल्वर, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम बादल बेहरा है, जो थाना सिविल लाइन और मुजगहन का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।
रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मुजगहन थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास मुर्गी फार्म के सामने एक व्यक्ति के हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी की पहचान बादल बेहरा के रूप में हुई।
पुलिस जब उससे हथियार के दस्तावेज मांगने लगी, तो वह गुमराह करने लगा। बाद में सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसके घर में एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी छिपा रखे हैं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 01 रिवॉल्वर, 01 देशी कट्टा और 01 जिंदा कारतूस बरामद किया।पुलिस ने बादल बेहरा के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी बादल बेहरा के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत करीब दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह थाना सिविल लाइन और मुजगहन का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रायपुर में अवैध हथियारों के कारोबार और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




