ऑपरेशन आघात के तहत ब्राउन शुगर के साथ आरोपी गिरफ्तार

जशपुर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। लोदाम थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
मामला ग्राम साईं टांगर टोली का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहम्मद तकीम खान, अपने पास ब्राउन शुगर रखकर बेचने की फिराक में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर, लोदाम पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा कर घेरा बंदी कर तकीम खान को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 19 नग कागज की पुड़ियों में कुल 1.95 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 30,000 रुपए है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(a) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस पूछताछ कर रही है कि आरोपी यह ब्राउन शुगर कहां से लाता था और इस मामले में और कौन-कौन शामिल हैं।
लोदाम पुलिस ने बताया कि आरोपी तकीम खान को पर्याप्त सबूत मिलने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस नशे के कारोबारियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ को लगातार जारी रखेगी।




