BCCI की नई कार्यकारिणी घोषित: छत्तीसगढ़ के प्रभतेज सिंह भाटिया बने ज्वाइंट सेक्रेटरी, क्रिकेटर मिथुन मन्हास बने अध्यक्ष

मुंबई में हुई BCCI की एनुअल जनरल मीटिंग में नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई है।BCCI का नया अध्यक्ष क्रिकेटर मिथुन मन्हास को चुना गया है। वे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के 37वें अध्यक्ष होंगे।
इसी के साथ छत्तीसगढ़ क्रिकेट जगत के लिए गर्व का पल सामने आया है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) से जुड़े प्रभतेज सिंह भाटिया को BCCI का ज्वाइंट सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है।
आपको बता दें कि, प्रभतेज भाटिया इससे पहले BCCI के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। यह पद छत्तीसगढ़ से पहली बार किसी व्यक्ति को मिला था। अब एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें ज्वाइंट सेक्रेटरी जैसी अहम जिम्मेदारी दी गई है।
ज्वाइंट सेक्रेटरी का पद खास महत्व रखता है क्योंकि अंडर-19 और महिला क्रिकेट टीमों के चयन की प्रक्रिया उन्हीं की देखरेख में होती है।भाटिया की अगुवाई में CSCS की टीमें लगातार राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। हाल ही में छत्तीसगढ़ के दो खिलाड़ियों का चयन दिलीप ट्रॉफी के लिए हुआ और पहली बार मध्य क्षेत्र ने यह खिताब जीता।
कुल मिलाकर BCCI की नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही क्रिकेट जगत में एक नई शुरुआत हुई है, और छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व का विषय है कि प्रदेश के प्रभतेज सिंह भाटिया अब ज्वाइंट सेक्रेटरी की अहम जिम्मेदारी संभालेंगे।




