सरेराह दो गुटों में मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस….

रायपुर में पुराने विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डी.डी.नगर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच आपसी रंजिश में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कुल पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना 11 सितंबर की शाम की है, जब प्रार्थी वैभव रंगी अपने साथियों के साथ कार से सुंदर नगर गोल चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान रोहणीपुरम तालाब के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। मामला बढ़ा तो दोनों ओर से हॉकी स्टिक और नुकीले हथियारों से मारपीट शुरू हो गई। इस झगड़े में दोनों गुटों के कई लोगों को चोटें आईं। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ डी.डी.नगर थाने में अलग-अलग अपराध दर्ज किए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राइम और साइबर यूनिट तथा डी.डी.नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में दोनों पक्षों के लोग शामिल हैं। पहले पक्ष से शुभम मिश्रा और आयुष अग्रवाल को पकड़ा गया है। वहीं दूसरे पक्ष से ओम दुबे उर्फ प्रथम दुबे, आकाश उर्फ ऋषभ ठाकुर और वैभव सिंह रंगी उर्फ हैप्पी रंगी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार ओम दुबे थाना डी.डी.नगर का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ दर्जनभर से ज्यादा अपराध दर्ज हैं। वहीं अन्य आरोपी भी आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। यानी पुराने विवाद की आग ने फिर से खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।




