मितानिनों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, पुलिस ने रायपुर जाने से पहले ही टोल प्लाजा में रोका…..

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर – प्रदेश में स्वास्थ्य मितानिन संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल आज भी जारी रही। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की तैयारी कर रही मितानिनों को प्रशासन ने कई जिलों से राजधानी पहुंचने से रोक दिया।
बिलासपुर जिले में पुलिस ने मितानिनों को भोजपुरी टोल प्लाजा के पास रोक दिया। इसके विरोध में मितानिन दोपहर करीब ढाई बजे तक सड़क किनारे धरने पर बैठी रहीं और जमकर नारेबाजी की।
राज्यभर में करीब 75 हजार मितानिन रायपुर में प्रदर्शन करने वाली थीं, लेकिन सख्ती के कारण कई जिलों में उन्हें रोक दिया गया। जिसके चलते जगह-जगह चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन की खबरें सामने आई हैं.
मितानिन संघ की प्रमुख मांगें हैं – राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में शामिल करना, मासिक मानदेय में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी और ठेका प्रथा समाप्त करना। यह हड़ताल 7 अगस्त से जारी है और इससे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं पर गहरा असर पड़ रहा है।




