1 हफ्ते से ट्रांसफार्मर खराब, अंधेरे और पानी संकट से जूझ रहे ग्रामीण….

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर ज़िले के बैतलपुर (चंद्रखुरी) क्षेत्र में बिजली और पानी की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर के पास स्थित ट्रांसफार्मर पिछले एक सप्ताह से खराब पड़ा हुआ है। इससे न केवल पूरे गांव की बिजली गुल है बल्कि शासकीय एवं निजी संस्थान, पंचायत भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र और जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल आपूर्ति योजना भी प्रभावित हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर बंद होने से नलजल योजना ठप पड़ गई है, जिसके चलते पानी के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। वहीं, विद्यालय परिसर में ट्रांसफार्मर खराब होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब हाल ही में घुठीया फीडर का ट्रांसफार्मर भी खराब हो गया, जिससे चंद्रखुरी बस्ती की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई। दो-दो ट्रांसफार्मर के खराब होने से अब पूरा गांव अंधेरे और पानी की किल्लत से जूझ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद विभागीय स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस भीषण गर्मी में न बिजली है और न पानी, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे।इधर, ग्राम पंचायत चंद्रखुरी के सरपंच रामदयाल मण्डन ने बताया कि समस्या के निराकरण के लिए कनिष्ठ अभियंता को पत्र लिखकर ज्ञापन सौंपा गया है।
वहीं, सरगांव विद्युत वितरण केंद्र के कनिष्ठ यंत्री संदीप मानिकपुरी ने कहा : “ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना मिली है। पिछले तीन दिनों से अवकाश होने के कारण ऊपर से ट्रांसफार्मर की व्यवस्था नहीं हो पाई थी। उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है, बहुत जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की जाएगी।




