जानिए कैसा रहेगा मौसम का हाल….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट पर बने कम दबाव का असर अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिख रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के सभी संभागों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, वहीं दुर्ग और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा राजनांदगांव में 119 मिमी रिकॉर्ड की गई।
तापमान की बात करें तो रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान सबसे कम 20 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आज के लिए चेतावनी जारी की है। प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें।




