जेल में हंगामा करने वाला शोएब ढेबर गिरफ्तार, भेजा गया जेल….

रायपुर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में शोएब ढेबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला 4 अगस्त का है, जब केंद्रीय जेल रायपुर में विचाराधीन बंदी अनवर ढेबर का पुत्र शोएब ढेबर अपने पिता से मुलाकात करने के लिए मुलाकात कक्ष में पहुंचा। इस दौरान तैनात प्रहरी ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत मुलाकात की अनुमति नहीं दी, जिस पर शोएब ने धमकी दी, गाली-गलौज की और जबरन कक्ष में प्रवेश कर शासकीय कार्य में बाधा डाली।
घटना की शिकायत जेल अधीक्षक ने थाना गंज में दर्ज कराई, जिसके आधार पर अपराध क्रमांक 204/25 धारा 296, 329, 211 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना गंज पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने न केवल प्रकरण में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की, बल्कि आरोपी के खिलाफ पृथक रूप से प्रतिबंधात्मक धाराओं में भी कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोएब ढेबर, उम्र 26 वर्ष, पिता अनवर ढेबर, निवासी बैरन बाजार, छत्तीसगढ़ कॉलेज के पास, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायपुर के रूप में हुई है।




