खनिज विभाग में ‘ऑनलाइन टू पोर्टल’ संचालन पर अहम बैठक, पट्टेदारों को दी गई नए नियमों की जानकारी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – सोमवार को खनिज विभाग के प्रार्थना सभा कक्ष में आयोजित एक अहम बैठक में ‘खनिज ऑनलाइन टू पोर्टल’ के संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में जांजगीर-चांपा, मुंगेली, सक्ती, सारंगढ़ और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों के खनिज पट्टेदार शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य था पट्टेदारों को पोर्टल के सुचारू संचालन, इसके उपयोग और नए नियमों की पूरी जानकारी देना। खनिज अधिकारी किशोर कुमार गोलघाटे ने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से खनिज से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं तेज़, पारदर्शी और पूर्णत: डिजिटल होंगी। इससे समय की बचत होगी और कागज़ी कार्यवाही में भी कमी आएगी।
बैठक के दौरान पोर्टल के सभी फीचर्स और प्रक्रियाओं का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें पट्टों के आवंटन, नवीनीकरण, उत्पादन रिपोर्टिंग और रॉयल्टी भुगतान जैसी सुविधाओं को विस्तार से समझाया गया। विभाग का कहना है कि यह कदम ‘डिजिटल इंडिया’ की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल है, जिससे खनिज क्षेत्र में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही बढ़ेगी।
बैठक के अंत में उपस्थित पट्टेदारों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उनके कामकाज में आसानी और समय की बचत होगी। खनिज विभाग का मानना है कि तकनीक आधारित यह प्रणाली भविष्य में खनिज प्रबंधन का चेहरा बदलने में अहम भूमिका निभाएगी।




