बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, 12 किलो गांजा जब्त….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर रेलवे स्टेशन से जीआरपी पुलिस ने एक महिला को अवैध गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला के पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और उप पुलिस अधीक्षक रेल बिलासपुर तोबियस खाखा के निर्देशन में जीआरपी टीम ने यह कार्रवाई की।
9 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिलने पर जीआरपी बिलासपुर ने रेलवे स्टेशन पर दबिश दी और अरुणवती गोस्वामी निवासी अनुपपुर, मध्यप्रदेश को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 6 पैकेट में रखा कुल 12 किलो गांजा मिला, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 2 लाख 40 हज़ार रुपये बताई जा रही है। महिला इस मादक पदार्थ की रेलवे स्टेशन में तस्करी कर रही थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20-बी के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और 22 अगस्त तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जीआरपी का कहना है कि रेलवे क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी रोकने के लिए इस तरह की सघन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




