छत्तीसगढ़

वाटरफॉल में हादसा: 22 घंटे की रेस्क्यू के बाद युवती का शव बरामद…..

 

Advertisement

गरियाबंद के प्रसिद्ध गजपल्ला वाटरफॉल में रायपुर की 19 वर्षीय युवती महविश खान की मौत का मामला बेहद दर्दनाक मोड़ पर पहुंचा। करीब 22 घंटे की लंबी और जोखिम भरी रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महविश का शव वाटरफॉल की गहराई में चट्टानों के बीच से बरामद किया गया।

Advertisement

महविश रायपुर के राजापारा इलाके की निवासी थी और 15 जुलाई को अपने 7 साथियों के साथ गजपल्ला घूमने आई थी। दुर्भाग्यवश वह गहरे पानी में डूब गई। शुरुआती तलाशी में वाटरप्रूफ कैमरे से 10 फीट की गहराई तक खोजबीन की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः अनुभवी गोताखोरों ने 20 फीट नीचे जाकर चट्टानों के बीच फंसे शव को निकाला।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मधुमक्खियों के हमले से स्थिति और कठिन हो गई। हमले में तीन स्थानीय मददगार घायल हो गए, जिससे ऑपरेशन करीब एक घंटे के लिए रोकना पड़ा।

पांडुका थाना प्रभारी जय प्रकाश नेताम ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रायपुर से पहुंचे परिवारजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल था, घटनास्थल पर माहौल बेहद गमगीन रहा।

घटना के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। डीएफओ लक्ष्मण सिंह के निर्देश पर गजपल्ला वाटरफॉल में आमजन के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रतिबंध के बोर्ड लगाए गए हैं और वन विभाग की तैनाती भी की गई है ताकि भविष्य में कोई और हादसा न हो।

Related Articles

Back to top button