घर पर सोती हुई महिला से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, भेजा गया जेल.

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्त कार्यवाही सामने आई है। 35 वर्षीय महिला से घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज कुछ घंटों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 10 जुलाई की रात करीब 1:30 बजे की है, जब पीड़िता अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान 19 वर्षीय आरोपी अमरजीत भगत चोरी-छिपे घर में घुसा और महिला के अंतःवस्त्र के साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला की नींद खुली तो उसने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
घबराई महिला चिल्लाते हुए कमरे से बाहर निकली, जबकि आरोपी खाट के नीचे छिप गया। महिला ने तुरंत बगीचा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 74 व 332(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को हिरासत में लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतलाल आयाम, एएसआई बैजन्ती किंडो, आरक्षक मुकेश पांडे और नगर सैनिक विनोद कुजूर की अहम भूमिका रही।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “महिला अपराधों पर जशपुर पुलिस पूरी तरह सख्त और सतर्क है।”




