पैतृक जमीन की धोखाधड़ी में 6 आरोपी गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड बनाने वाला साइबर कैफे संचालक भी पकड़ा गया….

बिलासपुर – सरकंडा पुलिस ने एक बड़े जालसाजी के मामले में कार्रवाई करते हुए पैतृक भूमि की धोखाधड़ी कर फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एक साइबर कैफे संचालक भी शामिल है, जिसने फर्जी आधार कार्ड बनाकर रजिस्ट्री में मदद की थी।
प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी प्रकाश दुबे, निवासी जूना बिलासपुर, ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पैतृक भूमि, ग्राम खमतराई में स्थित 56 डिसमिल जमीन, को कूटरचित दस्तावेजों के ज़रिए बेच दिया गया है। जांच में सामने आया कि स्व. भैयालाल दुबे के स्थान पर एक अन्य व्यक्ति ‘भैयालाल सूर्यवंशी’ को खड़ा कर रजिस्ट्री करवाई गई, और यह संपत्ति अनुज मिश्रा नामक व्यक्ति के नाम कर दी गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम हैं:
- अनुज कुमार मिश्रा
- प्रियांशु मिश्रा
- राहुल पटवा
- अभिषेक दुबे
- मंगलदास पण्डो
- दीपक कुमार साहू (साइबर कैफे संचालक)
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि रजिस्ट्री के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार किया गया था, जिसकी मूल प्रति जनवरी 2025 में महामाया साइबर कैफे, राजेन्द्र नगर चौक में तैयार की गई थी। संचालक दीपक साहू से यह फर्जी दस्तावेज निकलवाया गया और फर्जीवाड़े में इस्तेमाल कम्प्यूटर सेट, कलर प्रिंटर आदि को जब्त किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जांच टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे कर रहे हैं, वहीं अति. पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल और सीएसपी सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई संपन्न हुई।
पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे और कूटरचित दस्तावेजों से संपत्ति हड़पने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।




