अंधे कत्ल का खुलासा : लूट के विरोध में युवक की हत्या, नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग – उतई थाना क्षेत्र के डूण्डेरा-मोरिद रोड पर हुए 20 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा कर लिया है। राजकुमार यादव नामक युवक की लूटपाट के विरोध में हत्या की गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने हाईवा ड्राइवर से भी लूट की थी।
पुलिस ने 150 सीसीटीवी फुटेज और 1500 मोबाइल टॉवर लोकेशन खंगालकर 1 अपचारी बालक व 4 आरोपियों—लोकेश सारथी, राजकिशोर उर्फ छोटू, उमेश टंडन और निखिल ठाकुर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से स्कार्पियो वाहन, चाकू, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना से पहले सुनसान रास्तों की पहचान कर योजना बनाई गई थी। पैसों की तंगी के चलते इन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब गैंग की हिस्ट्रीशीट तैयार कर रही है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।
इस कार्रवाई में उतई, रानीतराई और एसीसीयू टीम की अहम भूमिका रही।




