मौसम अलर्ट : कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – छत्तीसगढ़ में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विशेषकर सरगुजा और आस-पास के इलाके में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने क्या चेतावनी दी है।
राज्य में अगले 5 दिनों तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है। सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिनों तक बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी रहेगी, जिसके बाद फिर से वर्षा में बढ़ोत्तरी देखी जा सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बिलासपुर संभाग में कई जगहों पर तेज़ बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक बारिश प्रतापपुर में 9 सेंटीमीटर, दरीं में 7 सेमी, और प्रेमनगर व बेलगहना में 6-6 सेमी दर्ज की गई।
प्रदेश में अधिकतम तापमान दुर्ग में 31.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर शहर में भी 28 जून को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रहेगा।
मौसम विभाग ने कल यानी 28 जून के लिए चेतावनी जारी की है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा के साथ मेघगर्जन और वज्रपात हो सकता है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम को देखते हुए घर से निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
तो अगले कुछ दिन छत्तीसगढ़ में मौसम का मिज़ाज बदला-बदला रहेगा। भारी बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी प्रशासनिक कार्यालय या हेल्पलाइन से संपर्क करें।




