मस्तुरी में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय का शुभारंभ, SSP रजनेश सिंह ने किया उद्घाटन

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर जिले के मस्तुरी क्षेत्र में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया, जिससे क्षेत्रीय जनता को अब पुलिस संबंधी कार्यों के लिए शहर तक नहीं जाना पड़ेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मस्तुरी में नए पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया।
16 जून 2025 को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सरपंचगण, कोटवार, पत्रकार और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अब तक मस्तुरी, मल्हार और पचपेड़ी क्षेत्र के नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बिलासपुर स्थित वरिष्ठ कार्यालय तक जाना पड़ता था, लेकिन अब उन्हीं सुविधाओं का लाभ मस्तुरी में ही उपलब्ध होगा।
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा भी मौजूद रहीं। उन्होंने ‘चेतना अभियान’ के अंतर्गत नशा मुक्ति, बाल अपराध, महिला अपराध और यातायात जागरूकता के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान एल.सी. मोहले को मस्तुरी क्षेत्र का नया पुलिस अनुविभागीय अधिकारी नियुक्त किया गया। ग्रामीण प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब न्याय के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।मस्तुरी में पुलिस अनुविभागीय कार्यालय की शुरुआत से न सिर्फ प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी।




