गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही

तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, 4 की मौत….

 

Advertisement

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार जिंदगियों को निगल लिया। हादसा मझगवां गांव के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने दो अलग-अलग बाइक सवारों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गए।

Advertisement

इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान गंगाराम गंधर्व, राम अवतार उर्फ पप्पू, भूपेंद्र और शानू केवंट के रूप में हुई है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कार का चालक स्नेहिल गुप्ता नशे में धुत था और पेंड्रा से मरवाही की ओर तेज रफ्तार में ब्रेजा कार (CG31B2536) चला रहा था। विपरीत दिशा से आ रही दो बाइकों को जबरदस्त टक्कर मारते हुए कार आगे निकल गई, जिससे दोनों बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही तीन की मौत हो गई।

गंभीर रूप से घायल युवती शानू केवंट को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं, घायल कार चालक को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कार चालक शराब के नशे में था। पुलिस ने आरोपी स्नेहिल गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

ग्रामीणों और परिजनों में गहरा आक्रोश है और लोगों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह हादसा न केवल रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक परिणाम है, बल्कि शराब सेवन कर वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।

Related Articles

Back to top button