छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार : भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी….

 

Advertisement

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में अब मानसून की रफ्तार तेज हो चुकी है। 15 जून से प्रदेश में मेघगर्जन और वर्षा की गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है, और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर चेतावनी भी जारी की है।

Advertisement

प्रदेश के दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। रविवार को दंतेवाड़ा में सर्वाधिक 5 सेमी, जबकि बिलासपुर और कोंडागांव में 3 सेमी वर्षा हुई।
इसके अलावा अमलीपदर, धरशिवा, कुंडा, मरीन बंगला, देवरी, सरायपाली और बोड़ला में भी 1 से 2 सेमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अब पूरी तरह अनुकूल बन चुकी हैं। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी भाग में 3.1 से 7.6 किलोमीटर की ऊँचाई तक चक्रीय चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है, जो ऊँचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा में झुका हुआ है। साथ ही, एक द्रोणिका पूर्वी मध्य प्रदेश से होते हुए बांग्लादेश तक फैली है, जो छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर से गुजर रही है।

इन सिस्टम्स के असर से 16 जून से प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा, और 17 जून से एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान बताता है कि अगले 24 घंटों में
प्रदेश के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती है। वज्रपात की भी आशंका है, ऐसे में नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

बिलासपुर शहर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार
आज 16 जून को आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसी के साथ, पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

मानसून की दस्तक के साथ अब छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रभाव कमजोर पड़ने लगा है। लेकिन बदलते मौसम के इस दौर में वज्रपात और अंधड़ जैसी आपदाओं से सतर्क रहना बेहद जरूरी है। अगर मौसम से जुड़ी कोई भी आपात स्थिति हो, तो अपने नजदीकी प्रशासन या आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष को तुरंत सूचित करें।

Related Articles

Back to top button