BREAKING : एयर इंडिया का प्लेन क्रैश, टेक ऑफ करते ही हुआ हादसा, कुल 242 यात्री थे सवार….

गुजरात की राजधानी अहमदाबाद के मेघानीनगर में आज दोपहर एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मिले इनपुट के अनुसार,इसमें 242 यात्री सवार थे। एयर इंडिया के विमान के साथ यह हादसा तब हुआ,जब वह पैसेंजर्स को लेकर टेक ऑफ करने वाला था। बताया जा रहा है कि टेकऑफ के दौरान प्लेन दीवार से टकरा गया जिसके बाद उसमें भंयकर आग लग गई। घटना की खबर लगते ही मौके पर फायर ब्रिगेड का अमला पहुंच गया है। यात्रियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
अहमदाबाद मेघानी नगर में हुए इस दर्दनाक एयर इंडिया विमान हादसे को लेकर संक्षिप्त जानकारी आई है। एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरा था। इसमें 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इन 242 लोगों में से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक,1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल हैं। हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की है। उन्होंने दोनों मंत्रियों को अहमदाबाद जाकर हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (SVPIA),अहमदाबाद इस समय चालू नहीं है। अगले आदेश तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की और अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान दुर्घटना की स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वह बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए तुरंत अहमदाबाद जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने राममोहन नायडू को निर्देश दिया है कि सभी आवश्यक सहायता तुरंत सुनिश्चित की जाए और उन्हें स्थिति से लगातार अवगत कराते रहने को कहा। राममोहन नायडू के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं।
गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी भी एयर इंडिया विमान पर सवार थे। उनकी सीट आगे कहीं दूसरे कतार में थी। उनका सीट नंबर 12 थी। हादसे के बाद आई पैसेंजर लिस्ट में उनका भी नाम है। हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि विजय रुपाणी अकेले थे या परिवार भी साथ था?
डीजीसीए के डीजी फैज किदवई ने प्रेस नोट जारी करते हुए बताया कि आज को एयर इंडिया का एक बोइंग 787 विमान,जिसका पंजीकरण नंबर VT-ANB था,अहमदाबाद से गैटविक जा रहा था। उड़ान संख्या AI-171 वाला यह विमान अहमदाबाद से उड़ान भरने के ठीक बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे,जिनमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल थे। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के हाथों में थी,जिनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर सह-पायलट के रूप में थे। उन्होंने आगे बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के अनुसार,विमान ने अहमदाबाद से दोपहर 1:39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान ने ATC को ‘मेडे’ (आपातकालीन) कॉल दिया। हालांकि,इसके बाद ATC द्वारा की गई किसी भी कॉल का विमान से कोई जवाब नहीं मिला। रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद,विमान हवाई अड्डे की परिधि के बाहर जमीन पर गिर गया। दुर्घटनास्थल से भारी काला धुआं उठता देखा गया।




