बिलासपुर में नशे में धुत युवक ने तेज रफ्तार कार से मचाया कहर, मासूम घायल, कार में लगी भीषण आग

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है… जहाँ एक नशे में धुत युवक ने तेज रफ्तार कार से शहर की सड़कों पर मौत का तांडव मचाया। हादसा इतना भयानक था कि मासूम घायल हो गया और कार आग का गोला बन गई। ये पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक भयावह हादसा हुआ। बिरकोना रोड से तेज़ रफ्तार में दौड़ती एक कार ने सबसे पहले एक मासूम बच्चे को ठोकर मार दिया। फिर डीएलएस कॉलेज के पास एक छोटा हाथी,बाइक और एक ऑटो को ठोकर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि बगदई मंदिर के पास मवेशियों को भी रौंदते हुए यह अटल चौक तक पहुंची, जहां जाकर एक चबूतरे से टकराई… और कुछ ही पलों में कार में भीषण आग लग गई। कार का नंबर था CG10 V 1110।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से पहले किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। चबूतरे से टकराते ही कार में आग लग गई, और चंद मिनटों में वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
TI सरकंडा, नीलेश पांडेय ने बताया
“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि चालक नशे में था। हादसे में कई लोग बाल-बाल बचे हैं। हम आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।”
ये हादसा एक बड़ा सबक भी है — कि नशा और रफ्तार का मेल कभी भी जानलेवा हो सकता है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने और ऐसे हादसों को रोकने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।




