शराबबंदी की पहल सरपंच को पड़ी भारी, खुलेआम मिली जान से मारने की धमकी….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर ज़िले के ग्राम पंचायत लिमतरा के सरपंच को शराबबंदी की कोशिश करना भारी पड़ गया है। पंचायत में शराबबंदी की बैठक बुलाना एक सरपंच को इस कदर महंगा पड़ा, कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई वो भी खुलेआम फोन कॉल पर!
मस्तुरी थाना क्षेत्र के ग्राम लिमतरा में यह सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के सरपंच दीपचंद वस्त्रकार ने पंचायत में शराबबंदी को लेकर बैठक बुलाई थी। लेकिन गांव में अवैध शराब बेचने वाले एक कोचिया को यह बात रास नहीं आई। उसने सरपंच को फोन कर ना सिर्फ गालियाँ दीं, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दे डाली। सरपंच को धमकी देने वाला शराब कोचिया का ऑडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। इस धमकी भरे कॉल की रिकॉर्डिंग खुद सरपंच के पास मौजूद है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी खुलेआम शराब बेच रहा है और जब सरपंच ने रोकने की कोशिश की, तो उसे जान से मारने की धमकी दे डाली।
सरपंच दीपचंद वस्त्रकार ने इस पूरे मामले की शिकायत मस्तुरी थाना में ग्रामीणों के साथ मिलकर दर्ज कराई है। सरपंच की मानें तो वो मानसिक रूप से काफी दबाव में हैं और उन्हें किसी भी वक्त जान का खतरा महसूस हो रहा है। फिलहाल मस्तुरी थाना पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल ऑडियो और वीडियो की जांच की जा रही है, और जल्द कार्रवाई की जाएगी।




