घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, तवे से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट, पति ने खुद किया सरेंडर….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – सकरी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। एक पति ने मामूली झगड़े के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी — वो भी रोटी बनाने वाले तवे से वार करके। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुँचा और सरेंडर कर दिया।
सकरी थाना क्षेत्र के बहतराई आवास पारा में रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे दिल दहला देने वाली वारदात हुई। 25 वर्षीय रत्ना साहू की हत्या उसके पति गौरीशंकर साहू ने गुस्से में आकर कर दी। वजह थी — घरेलू विवाद। गौरीशंकर ने लोहे के तवे से रत्ना के सिर पर वार किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सकरी पुलिस मौके पर पहुँची और छानबीन शुरू की। एफएसएल यानी फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया ताकि घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए जा सकें।
इस हत्या के बाद आरोपी गौरीशंकर ने खुद सकरी थाना पहुँचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और कानूनी प्रक्रिया जारी है। फिलहाल मृतिका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी प्रदीप आर्या अपनी टीम के साथ जांच में जुटे हैं। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि घरेलू तनाव अगर समय रहते न सुलझाए जाएं, तो वो किसी की जान भी ले सकते हैं।




