
(भूपेंद्र सिंह राठौर) : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में 20वीं क्षेत्रीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति — ज़ेडआरयूसीसी की पहली बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने की।
बैठक में दो सांसदों सहित समिति के कुल 19 सदस्य उपस्थित थे। सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी भी इस अहम बैठक में शामिल हुए।
उप महाप्रबंधक (सा.) एवं ज़ेडआरयूसीसी सचिव समीरकांत माथुर ने सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि रेलवे की उपलब्धियों में सदस्यों के सुझावों की अहम भूमिका रही है।
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अपने संबोधन में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग समेत 47 स्टेशनों के उन्नयन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं का लगातार विस्तार और सुरक्षित रेल परिचालन हमारी प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान सदस्यों ने ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं की शुरुआत, महत्वपूर्ण ट्रेनों के विस्तार और अन्य यात्री सुविधाओं को लेकर रचनात्मक सुझाव दिए।
बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक (सा.) द्वारा किया गया। इस अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक ने सभी सदस्यों के सक्रिय सहयोग और सुझावों के लिए आभार जताया।
बिलासपुर से शुरू हुई इस अहम बैठक में यात्री सुविधाओं को लेकर कई सकारात्मक पहल की नींव रखी गई है… रेलवे और यात्रियों के बीच संवाद का ये पुल और मजबूत हुआ है।




