छत्तीसगढ़बिलासपुर

“गाउन और मुखौटा गिरोह की फिल्मी डकैती: ज्वेलर्स शॉप से आधा किलो चांदी और नकली गहने उड़ाए

Advertisement

(आशीष मौर्य संपादक ) : बिलासपुर जिले के जयरामनगर से एक फिल्मी स्टाइल की डकैती की चौंकाने वाली खबर सामने आई है। गाउन और कार्टून वाले मुखौटे पहनकर आए पांच चोरों ने एक ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए आधा किलो चांदी और नकली गहने चुरा लिए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

Advertisement

घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के जयरामनगर की है, जहां कोटमीसोनार निवासी संजय सोनी की संजय ज्वेलर्स नामक दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। रविवार देर शाम दुकान बंद करने के बाद संजय घर चला गया था। लेकिन अगली सुबह ग्रामीणों ने टूटा हुआ शटर देखा और संजय को सूचना दी।

जैसे ही सूचना पुलिस को मिली, मस्तूरी थाना प्रभारी हरीश तांडेकर की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया कि पांच चोर लेडीज गाउन और मुखौटा पहनकर दुकान में घुसे और बोरी में गहने भरकर फरार हो गए।

फुटेज में यह भी दिख रहा है कि पास के कुत्ते लगातार भौंकते रहे, लेकिन किसी की नींद नहीं खुली और चोर आराम से चोरी कर भाग निकले।

मस्तूरी टीआई हरीश तांडेकर)ल ने बताया कि “चोरों ने लगभग एक लाख रुपये मूल्य की चांदी और नकली ज्वेलरी की चोरी की है। हम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। आसपास के जिलों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।”

दुकान संचालक संजय सोनी ने बताया कि
“मैं रोज कीमती गहने घर ले जाता हूं, लेकिन चोर जो कुछ भी मिला, उसे लेकर चले गए। लाखों के नुकसान की आशंका है।”

फिलहाल पुलिस सर्च डॉग और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद से जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा इंतज़ामों पर सवाल उठना लाज़मी है, क्योंकि यह पूरी डकैती फिल्मी अंदाज में अंजाम दी गई। देखना होगा कि गाउन और मुखौटा गिरोह कब तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहता है।

Related Articles

Back to top button