
(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर नगर निगम के अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर अब शहर की मेयर पूजा विधानी ने ही मोर्चा खोल दिया है। मेयर ने निगम में फैलती अफसरशाही और मनमानी पर नाराज़गी जताते हुए भवन शाखा के अधिकारी को चेंबर में बुलाकर जमकर फटकार लगाई।
मेयर पूजा विधानी ने आरोप लगाया है कि निगम की कार्रवाई में भेदभाव साफ नज़र आ रहा है। सिंधी समाज के व्यापारियों को टारगेट कर बुलडोज़र चलाया गया, जबकि बाकी जगहों पर निगम आंखें मूंदे बैठा है।
ज्वाली नाला रोड पर स्थित दुकानों और निर्माण पर निगम ने हाल ही में बुलडोज़र चलाया, जिससे सिंधी समाज के कई व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ।
प्रभावित व्यापारियों ने सीधे मेयर से शिकायत की और बताया कि चुनिंदा तरीके से उनके निर्माण को निशाना बनाया गया।
इस पूरे मामले ने नगर निगम की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि मेयर की फटकार के बाद निगम अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में कोई सुधार करते हैं या नहीं।




