अनुशासनहीनता पर दो आरक्षक बर्खास्त, एसपी ने की कार्यवाई

जांजगीर-चांपा – नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने पुलिस विभाग की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले दो आरक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक दुष्यंत पाण्डेय और आर. ट्रेड नारद ताम्रकार के विरुद्ध अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। दुष्यंत पाण्डेय पर निजी जीवन में मर्यादा व शांतिपूर्ण आचरण न करने का आरोप था, जबकि नारद ताम्रकार पर एक महिला को अश्लील फोटो भेजने और चरित्र हनन करने जैसा गंभीर आरोप लगा था।
दोनों मामलों में विभागीय जांच कराई गई, जिसमें आरोप प्रमाणित पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि दोनों ने पुलिस जैसे अनुशासित विभाग में रहकर अशोभनीय और अस्वीकार्य कृत्य किए, जिससे विभाग की छवि पर नकारात्मक असर पड़ा।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरक्षकों को सेवा से पृथक करने का निर्णय लिया। यह कदम पुलिस विभाग के अनुशासन को बनाए रखने की दिशा में एक सख्त और स्पष्ट संदेश माना जा रहा है।
पुलिस विभाग ने साफ कर दिया है कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता और अमर्यादित आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह किसी भी स्तर का कर्मचारी क्यों न हो।




