पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय गिरोह के आरोपी गिरफ्तार, 1952 नशीली टेबलेट जब्त…

रायपुर – पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध तस्करी में लिप्त अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 1952 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट स्पास्मो प्रोक्सीवान प्लस और 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 52,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, 19 मई को देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के पारस नगर स्थित ओव्हरब्रिज के पास सोनू उर्फ संजय सूर्यवंशी राजपूत को रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके कब्जे से 152 प्रतिबंधित टेबलेट बरामद की गईं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये टेबलेट उड़ीसा से लाकर रायपुर में खपाई जा रही थीं।
बैकवर्ड लिंकेज की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने उड़ीसा के कालाहांडी जिले से दो और आरोपियों—वासुदेव पांडे और पूर्ण चंद्र साहू—को गिरफ्तार किया। वासुदेव ने खुलासा किया कि उसे ये टेबलेट केसिंगा स्थित कृष्णा मेडिकल के संचालक पूर्ण चंद्र साहू से मिली थीं। जब पुलिस ने साहू से वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई कागज प्रस्तुत नहीं कर सका और स्वीकार किया कि वह टेबलेट अवैध रूप से बेच रहा था।
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना देवेन्द्र नगर में नारकोटिक एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जो अंतर्राज्यीय नेटवर्क के सफाये की दिशा में अहम कदम है।




