बिलासपुर में यातायात व्यवस्था के लिए बड़ा निर्णय, अब आउटर रूट से चलेगी सभी यात्री बसें….

बिलासपुर शहर में यातायात को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में यातायात पुलिस ने एक बड़ी पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यातायात विभाग ने जिला प्रशासन, नगर निगम और परिवहन विभाग के साथ समन्वय कर बस संचालकों की कई चरणों में बैठक की।
इन बैठकों में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब सभी यात्री बसें शहर के भीतरी हिस्सों से न होकर आउटर रूट से होकर हाईटेक बस स्टैंड तिफरा तक ही चलेंगी। यह निर्णय शहर की सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक, जाम, दुर्घटनाओं और अव्यवस्था को देखते हुए लिया गया है।
साथ ही सभी बस संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें, बसों के कागजात अद्यतन रखें, प्रेशर हॉर्न का उपयोग न करें और सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करें।
मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त कलेक्टर शिव बनर्जी, नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर सचिन गुप्ता, जिला परिवहन अधिकारी आनंद रूप तिवारी समेत बड़ी संख्या में बस संचालक मौजूद रहे।




